चम्पावत : पाटी में BSNL लाइन बिछाने के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से नेपाली मजदूर की मौत
पोल हाईटेंशन लाइन से टकराया, तीन अन्य श्रमिक घायल; एक को किया गया रेफर
पाटी/चम्पावत। जनपद के पाटी क्षेत्र में बीएसएनएल की लाइन बिछाने के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। पोल खड़ा करते समय वह हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया, जिससे करंट फैल गया। हादसे में एक नेपाली मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य श्रमिक घायल हो गए।
ऊर्जा निगम के लोहाघाट उपखंड के सहायक अभियंता मयंक भट्ट ने बताया है कि बीएसएनएल की लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पोल खड़ा करते समय वह असंतुलित होकर बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर करंट की चपेट में आ गए। हादसे में सुशील साही (19) पुत्र गोरख, निवासी जागरी जमला, करनाली (नेपाल) गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल पाटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना में धनजीत बूढ़ा, उपेंद्र बहादुर साही और कमल साही भी घायल हुए। तीनों को तत्काल उपचार के लिए पाटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल लोहाघाट रेफर किया गया। अन्य दो श्रमिकों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष रमेश बेलवाल ने बताया कि शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गौरतलब है कि पाटी क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर करंट लगने से मजदूर की मौत की यह दूसरी घटना है, जिससे कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

