चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमस्वास्थ

चम्पावत : सड़क सुविधा के अभाव में डोली के सहारे अस्पताल पहुंची बीमार महिला

ख़बर शेयर करें -

पाटी/चम्पावत। भिंगराड़ा क्षेत्र के सकदेना गांव स्थित पुरमल्ला तोक के ग्रामीणों को एक बार फिर सड़क सुविधा न होने का खामियाजा भुगतना पड़ा। यहां एक बीमार महिला को उपचार के लिए ग्रामीणों ने डोली के सहारे चार किलोमीटर पैदल मार्ग पार कराकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा सका।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिनों 58 वर्षीय पूर्णावती देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। गांव में कोई वाहन सुविधा उपलब्ध न होने के कारण ग्रामीणों ने आनन-फानन में कुर्सी की डोली तैयार की। इसके बाद उन्हें चार किलोमीटर दूर करौली गांव स्थित सड़क तक पहुंचाया गया। सड़क पर पहुंचने के बाद महिला को एक निजी वाहन से 15 किलोमीटर दूर पाटी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ग्रामीण मदन सिंह, श्याम सिंह, दीपक सिंह, विकास जोशी, हरीश सिंह, सन्नू भट्ट, मोनू सिंह, नारायण सिंह और त्रिलोचन सकलानी ने आदि ने बताया है कि क्षेत्र के लोगों को अक्सर बीमारों और बुजुर्गों को चार से पांच किलोमीटर पैदल ले जाकर सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। सड़क न होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बीमारों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को उठानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि पुरमल्ला तोक ग्राम पंचायत करौली, बालातड़ी और सकदेना के बीच स्थित है। ग्रामीणों के अनुसार, करौली से पुरमल्ला तोक तक विधायक निधि से जिस सड़क का निर्माण कराया गया था, वह वर्तमान में बेहद बदहाल स्थिति में है। इस वजह से वहां आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से क्षेत्र में सड़क सुविधा को सुदृढ़ करने और खराब मार्ग को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।

Ad Ad
Ad Ad