भारतोली में 200 मीटर गहरी खाई में गिरा डंपर, 28 वर्षीय चालक की मौत
लोहाघाट-घाट के भारतोली में देर रात हादसा, पुलिस-एसडीआरएफ और फायर टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान
लोहाघाट/चम्पावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोहाघाट-घाट के बीच भारतोली (बसान) के पास बुधवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक डंपर अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना 30 सितंबर की रात करीब नौ बजे हुई। डंपर संख्या यूके 05 सीए 0522 भारतोली के पास अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में चालक ही सवार था। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हादसे की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिलने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और फायर टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से टीम ने खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया और चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए लोहाघाट उपजिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय दीपक कुमार पुत्र मनी राम, निवासी भट्यूड़ा, जिला पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना को लेकर घटनास्थल और वाहन से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

