घर से नाराज होकर जंगल पहुंचा व्यक्ति, टनकपुर पुलिस ने हुड्डी नदी क्षेत्र से सकुशल बरामद किया
29 सितंबर को बिना बताए घर से निकला था व्यक्ति, तलाशी अभियान चलाकर पुलिस ने परिजनों से मिलाया
टनकपुर/चम्पावत। घर से बिना बताए निकले एक व्यक्ति को टनकपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार व्यक्ति घर से नाराज होकर हुड्डी नदी क्षेत्र में चला गया था।
पुलिस के मुताबिक 29 सितंबर 2026 को शंकर प्रसाद उर्फ सन्नी पाजी बिना बताए घर से चले गए थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उनकी बहन ने थाना टनकपुर में सूचना देकर तलाश कराने का अनुरोध किया। मामले में एफआईआर संख्या 68/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही टनकपुर पुलिस ने संभावित स्थानों पर तलाश और सुरागरसी शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने गुमशुदा व्यक्ति को हुड्डी नदी, तल्ली छीनीकोट के जंगल क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि वह घर से नाराज होकर उक्त स्थान पर चले गए थे। सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चम्पावत के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी टनकपुर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली टनकपुर के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह धामी, हेड कांस्टेबल विक्रम रावत शामिल रहे।

