शारदा नदी में स्नान के दौरान बुजुर्ग महिला की डूबने से मौत
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर क्षेत्र के ग्राम नायकगोठ की एक बुजुर्ग महिला की शारदा नदी में स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नायकगोठ निवासी जानकी देवी (82 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय वजीर सिंह सोमवार को घर से शारदा नदी में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान वह अचानक नदी के गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गईं, जिससे वह डूब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और जल पुलिस मौके पर पहुंचे तथा महिला को नदी से बाहर निकालकर तत्काल उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. आफताब आलम ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। डॉ. आफताब आलम ने बताया कि महिला की मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

