चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत के अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों को बड़ी सौगात, 25 नए हैंडपंपों के लिए ₹89.54 लाख मंजूर

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के दूरस्थ और अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शासन ने जनपद चम्पावत के एससीपी (अनुसूचित जाति उपयोजना) बहुल क्षेत्रों में 25 नए इंडिया मार्क-II हैंडपंपों की स्थापना के लिए ₹89.54 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में कार्यों को शीघ्र गति देने के लिए कुल स्वीकृत धनराशि का 60 प्रतिशत अर्थात ₹53.72 लाख प्रथम किश्त के रूप में जारी कर दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल बस्तियों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना और लंबे समय से चली आ रही जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान करना है।

Ad Ad

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सभी हैंडपंप अनुसूचित जाति के लाभार्थियों की बस्तियों के निकट स्थापित किए जाएं, जिससे स्थानीय लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिल सके। साथ ही प्रत्येक स्थल की जीआईएस मैपिंग और जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी स्थान पर बोरिंग के दौरान पानी नहीं निकलता है, तो बिना विलंब वैकल्पिक स्थल का चयन कर आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करते हुए कार्य को आगे बढ़ाया जाए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके। इस योजना से चम्पावत जिले के अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्धता बढ़ने के साथ ही ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी सुधार आने की उम्मीद है।