चम्पावत : दुष्कर्म मामले में पिता की गुहार- ‘अग्निवीर बेटे को मिलना चाहिए न्याय’, बताया राजनीतिक साज़िश
आरोपी के पिता ने बेटे को निर्दोष बताते हुए गोल्ज्यू से लगाई गुहार

चम्पावत। जनपद में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। जहां एक ओर पुलिस तीन आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच में जुटी है, वहीं दूसरी ओर एक आरोपित के पिता राम सिंह ने पूरे प्रकरण को राजनीतिक साज़िश बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
आरोपी के पिता ने न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज से अपने पुत्र के लिए न्याय की अपील की। उन्होंने दावा किया कि उनका पुत्र निर्दोष है और उसे एक सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है। पिता का कहना है कि उनका बेटा अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुआ है और उसका भविष्य उज्ज्वल है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा राजनितिक दुर्भावना के चलते उसे इस मामले में घसीटा जा रहा है। उन्होंने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं समस्त जनता से अपील करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और उनके पुत्र को न्याय मिल सके। पिता ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास है और उम्मीद है कि सच्चाई जल्द उजागर होगी।
इधर, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ की जा रही है। अब तक प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है कि 06 मई को प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को बरामद कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया था। पीड़िता के बयान के आधार पर तीन आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच जारी है।

