हल्द्वानी : रात में मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले चार गिरफ्तार, पुलिसकर्मियों पर स्कॉर्पियो चढ़ाने वाला भी पकड़ा
हल्द्वानी। हल्द्वानी के जगदंबा नगर इलाके में अराजकता, मारपीट और माहौल खराब के मामले में 30 लोगों के खिलाफ पुलिस ने उपद्रव की साजिश रचने, बलवे की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने गुरुवार देर रात तोड़फोड़ और मारपीट में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य की तलाश की जा रही है। जगदंबा नगर, भोटिया पड़ाव निवासी कारोबारी विपिन चंद्र जोशी ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि बुधवार रात उनकी चाट की दुकान में 25 से 30 युवक घुसे और बेवजह तोड़फोड़ करने लगे। ईंट और पत्थर समेत हेलमेट से ग्राहकों के साथ अभद्रता कर मारपीट की गई। विरोध करने पर गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दी। युवकों के दो गुटों में भी खूनी संघर्ष हो गया। पुलिस को देख सभी तितर-बितर हो गए। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि देर रात उपद्रव में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनकी पहचान आदित्य सिंह रावत निवासी त्रिलोक नगर मुखानी, कवि नेगी निवासी मोती निवास, भोटिया पड़ाव, कार्तिक नागिला निवासी गोरापड़ाव और ईशान शर्मा निवासी तीनपानी के रूप में हुई है।

इधर,दुर्गा सिटी सेंटर के पास चेकिंग के दौरान भागते वक्त पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास करने वाले आरोपी चालक को पुलिस ने गाड़ी संख्या के माध्यम से पकड़ा। चौकी प्रभारी मंगल पड़ाव दीपक कार्की ने बताया कि स्कार्पियो को सीज कर दिया है। आरोपी चालक आशीष सुयाल निवासी गैस गोदाम रोड मुखानी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तरह चालानी कार्रवाई की गई है।

