पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख की गोली लगने से मौत, दोस्त समेत तीन पर मुकदमा
इलाज के दौरान गाजियाबाद के अस्पताल में तोड़ा दम, मां ने दोस्त पर गोली मारने और पत्नी-मां पर साक्ष्य मिटाने का लगाया आरोप
काशीपुर। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल पूर्व उप ब्लॉक प्रमुख हरदीप सिंह की गाजियाबाद स्थित मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में मृतक की मां की तहरीर पर कुंडा कोतवाली पुलिस ने हरदीप के दोस्त समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम गुलजारपुर निवासी रजविंदर कौर पत्नी स्व. सुखदेव सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे हरदीप सिंह को 11 सितंबर को संदीप सिंह पुत्र स्व. सुरजीत सिंह निवासी गौरा फार्म, कुंडा ने पार्टी और पैसे देने के लिए बुलाया था। आरोप है कि इसके बाद संदीप उसे जसपुर रोड स्थित ग्राम कुंडा के एक ढाबे पर ले गया, जहां दोनों ने चार-पांच अन्य लोगों के साथ खाना खाया।
तहरीर के मुताबिक, खाना खाने के बाद संदीप ने हरदीप से उसे घर छोड़ने और अपने पैसे लेने की बात कही। हरदीप उसके घर पहुंचा तो संदीप उसे अंदर ले गया। वहां उसकी पत्नी और मां भी मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान संदीप ने षड्यंत्र के तहत हरदीप को गोली मार दी।
परिजनों के अनुसार, रात करीब एक बजे संदीप ने हरदीप की पुत्रवधू करमदीप कौर के मोबाइल पर फोन कर गोली लगने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन हरदीप को कृष्णा अस्पताल, काशीपुर लेकर पहुंचे। मृतक की मां का आरोप है कि अस्पताल में हरदीप ने परिजनों को बताया कि संदीप सिंह ने अपनी पत्नी संदीप कौर और मां कश्मीर कौर की मौजूदगी में उसे गोली मारी। तहरीर में संदीप की पत्नी और मां पर घटना से जुड़े साक्ष्य मिटाने का भी आरोप लगाया गया है।
हरदीप की गंभीर हालत को देखते हुए कृष्णा अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे कॉसमॉस अस्पताल, मुरादाबाद ले गए, जहां से भी उसे रेफर कर दिया गया। बाद में हरदीप को मैक्स अस्पताल, गाजियाबाद में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वजह और गोली चलाने के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
परिवार में मचा कोहराम
परिजनों के अनुसार, हरदीप सिंह तीन बहनों का इकलौता भाई था। दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन अविवाहित है। हरदीप के एक 11 वर्षीय बेटे और 14 वर्षीय बेटी के होने की जानकारी भी परिजनों ने दी है। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

