मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस पर चम्पावत में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भव्य कार्यक्रम
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, उत्कृष्ट कार्य करने वाली 14 महिलाएं सम्मानित
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को चम्पावत विकासखंड में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनसेवा, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।


कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 14 महिलाओं को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने महिलाओं को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और कहा कि उनकी उपलब्धियां अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं।
सम्मानित होने वाली महिलाओं में चंद्रकला देवी, कमला देवी, मुन्नी देवी, लक्ष्मी खर्कवाल, रेखा ठाकुर, लीला खर्कवाल, शांति देवी, किरन महर, कविता देवी, रेनू खर्कवाल, जानकी जोशी, सरस्वती बोहरा, प्रेमा रावत और पार्वती ओली शामिल रहीं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समूहों से जुड़कर महिलाएं स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित कर रही हैं तथा अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ समाज में भी सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से अपने उत्पादों की गुणवत्ता, बेहतर पैकेजिंग एवं विपणन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया, ताकि स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध हो सके और महिलाओं की आय में वृद्धि हो।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों को पहचान देने के साथ अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, खंड विकास अधिकारी रमेश चन्द्र जोशी, सभासद, ग्राम प्रधान, विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

