चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर : सुरक्षा दीवार निर्माण को लेकर थ्वालखेड़ा के ग्रामीणों में आक्रोश, एसडीएम से मिले

ख़बर शेयर करें -

ग्रामीणों का आरोप- निर्धारित मार्ग की अनदेखी से आवागमन प्रभावित, 20-25 परिवारों के रास्ते को लेकर हस्तक्षेप की मांग

टनकपुर/चम्पावत। शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर परियोजना के तहत ग्राम थ्वालखेड़ा में बनाई जा रही सुरक्षा दीवार को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ गया है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि, टनकपुर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य में उनकी समस्याओं और आवागमन के मार्ग का ध्यान रखने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में कार्यदायी संस्था की ओर से ग्रामीणों के हितों का ध्यान रखने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्माण के दौरान कथित तौर पर निर्धारित मार्ग की अनदेखी की जा रही है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा दीवार का निर्माण उनके निकास मार्ग को प्रभावित कर रहा है। उनका कहना है कि आवश्यक वाहन, एंबुलेंस-108 और ट्रैक्टर के आवागमन का मार्ग प्रभावित होने के साथ अंतिम संस्कार के लिए नदी तट तक जाने वाला रास्ता भी बंद कर दिया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूर्णागिरि रोड तक निर्माण में समझौते के अनुरूप करीब सात मीटर स्थान छोड़कर रास्ता उपलब्ध कराया जाए, ताकि प्रभावित 20-25 परिवारों का आवागमन बाधित न हो।

Ad Ad

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो प्रभावित परिवार तहसील परिसर में आंदोलन करने और न्यायालय की शरण लेने को बाध्य होंगे। ज्ञापन में प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निर्माण कार्य में आवश्यक सुधार कराने और ग्रामीणों के आवागमन का रास्ता सुनिश्चित करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में सतीश चंद्र पांडेय, जगदीश थ्वाल, कमला नेगी, देवकी देवी, पंकज पांडेय, गणेश पांडेय, पंकज सिंह नेगी, नारायण दत्त जोशी, अनिल शर्मा, उदय जोशी, नीरज जोशी, नेहा पांडेय, विमला देवी आदि शामिल रहीं।