चंपावतटनकपुरनवीनतम

मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर टनकपुर में लगा नागरिक समस्या समाधान शिविर

ख़बर शेयर करें -

एक ही मंच पर मिलीं विभिन्न विभागीय सेवाएं, स्वास्थ्य जांच के साथ स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी और जनकल्याणकारी गतिविधियां

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को नगर पालिका परिषद टनकपुर परिसर में एक दिवसीय नागरिक समस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराते हुए लोगों की समस्याओं के निस्तारण के साथ स्वास्थ्य जांच, जनजागरूकता और जनकल्याणकारी गतिविधियां भी संचालित की गईं।

शिविर का शुभारंभ नगर पालिका परिषद टनकपुर के अध्यक्ष विपिन कुमार ने किया। इस दौरान विद्यालयी बच्चों ने समूह गान प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ नागरिक शंकर सिंह प्रजापति ने भजन प्रस्तुत किया। नगर पालिका अध्यक्ष ने नगरवासियों की ओर से मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ केक काटकर मुख्यमंत्री का जन्मदिवस भी मनाया गया।

Ad Ad

शिविर में नगर पालिका से संबंधित परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, गृहकर नामांतरण तथा केंद्र पोषित योजनाओं से जुड़े प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई की गई। नागरिकों को विभिन्न विभागीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन को दी।

शिविर में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वार्ड संख्या 01, 03 और 09 के आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के शिक्षा एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के लिए खिलौने वितरित किए गए।

इसके अलावा नगर पालिका में कार्यरत पर्यावरण मित्रों को स्वास्थ्य किट प्रदान की गई। नशामुक्ति अभियान के तहत युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्रीड़ा सामग्री का वितरण भी किया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा कि नागरिक समस्या समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान को आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि जनसेवा और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के आयोजन आमजन के लिए उपयोगी साबित होते हैं।

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री मनोज कालाकोटी, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य मुन्नी देवी, हेमा जोशी, किरन देवी, उपप्रबंधक मानव संसाधन सुरेश कुमार वाल्मिकी, भुवन चन्द्र पाण्डेय, पुष्पा विश्वकर्मा, पूरन मेहरा, तुलसी कुंवर, नारायण सिंह महर सहित सभासद, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।