चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : बालेश्वर वार्ड में दुकानदारों को बांटे हरे-नीले कूड़ेदान

ख़बर शेयर करें -

स्रोत पर कचरा पृथक्करण पर जोर, नगर पालिका ने गीले-सूखे कचरे को अलग रखने की अपील की

चम्पावत। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुपालन के लिए नगर पालिका परिषद चम्पावत ने कूड़ेदान वितरण अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को बालेश्वर वार्ड में दुकानदारों को हरे और नीले कूड़ेदान वितरित किए गए। अभियान का उद्देश्य दुकानों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण कर उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाना है।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने व्यापारियों और नगरवासियों से अपील की कि घर और दुकानों से निकलने वाले कूड़े को निर्धारित कूड़ेदानों में अलग-अलग रखा जाए। हरे कूड़ेदान में गीला एवं जैविक कचरा और नीले कूड़ेदान में सूखा एवं अजैविक कचरा डालने की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि स्रोत पर कचरा अलग करने से सफाई व्यवस्था प्रभावी होने के साथ कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण में भी मदद मिलेगी।

Ad Ad

उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ चम्पावत के निर्माण के लिए नगर पालिका के प्रयासों के साथ नागरिकों और व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। नगर पालिका ने लोगों से कूड़ा खुले में नहीं फेंकने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखकर केवल पालिका के कूड़ा संग्रहण वाहन को देने की अपील की।

अभियान के दौरान सभासद दिनेश बरदोला, गौरव कलौनी, मणिप्रभा तिवारी, प्रेमा चिलकोटी, सभासद प्रतिनिधि सनी वर्मा, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी समेत नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे। पालिका ने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता कर स्वच्छ, सुंदर और कचरा-मुक्त चम्पावत के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।