क्राइमदेहरादूननवीनतम

देहरादून में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने दराती से पत्नी की हत्या की, आंगन में शव छोड़कर फरार

ख़बर शेयर करें -

कालसी के कचटा गांव में वारदात से सनसनी, पांच साल पहले हुई थी शादी; आरोपी पति की तलाश में जुटी पुलिस

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के जौनसार-बावर क्षेत्र में पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। कालसी तहसील के कचटा गांव में एक युवक ने कथित तौर पर दराती से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पत्नी का शव घर के आंगन में छोड़कर फरार हो गया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया, जबकि मृतका के मायके में मातम पसरा है।

Ad Ad

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कचटा गांव निवासी 25 वर्षीय मनोज की शादी करीब पांच साल पहले लखवाड़ निवासी 23 वर्षीय नीलम से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के शुरुआती दिनों के बाद दंपति के बीच विवाद होने लगे थे। गुरुवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक वारदात में बदल गई।

आरोप है कि गुस्से में आए मनोज ने धारदार हथियार दराती से नीलम पर हमला कर दिया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसकी सास और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। इसके बाद उसने नीलम पर दोबारा हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पत्नी का शव घर के आंगन में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश तेज कर दी।

खाने के लिए घर पहुंचा था आरोपी

बताया जा रहा है कि मनोज मजदूरी करता है। घटना के दिन दोपहर में वह भोजन करने घर पहुंचा था। दंपति मकान की निचली मंजिल पर एक कमरे में रहते थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और मामला हत्या तक पहुंच गया। जानकारी के अनुसार, मृतका के गर्दन, पीठ और बगल सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।