पहाड़ी से कार पर गिरा भारी बोल्डर, दिल्ली जा रहे एक ही परिवार के 6 लोग बाल-बाल बचे
यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने की अपील
पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में गुरुवार दोपहर सतपुली-गुमखाल हाईवे पर बड़ा हादसा टल गया। अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से एक स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार एक ही परिवार के छह सदस्य और चालक एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार किर्खू पांग गांव से दिल्ली जा रही थी। वाहन जैसे ही सतपुली मल्ली के पास पहुंचा, अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने लगा और कार सड़क पर फंस गई। चालक वाहन को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर ही रहा था कि ऊपर से एक विशाल बोल्डर कार के पिछले हिस्से पर आ गिरा। टक्कर से कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ सतपुली की टीम उप निरीक्षक सबर सिंह नेगी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते किए गए रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया।
कार में चालक विनोद के अलावा थलीसैंण निवासी एक ही परिवार के सदस्य— 68 वर्षीय संपत्ति देवी, 46 वर्षीय दिलबर सिंह, 36 वर्षीय करिश्मा नेगी, 13 वर्षीय प्रशांत नेगी और 8 वर्षीय ओजस नेगी सवार थे। सभी सुरक्षित हैं, हालांकि वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के जवानों और होमगार्ड के कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने की अपील की है।

