नवीनतम

गुजरात सड़क हादसे में उजड़े तीन सैन्य परिवार, कोटद्वार में गमगीन माहौल के बीच दी गई अंतिम विदाई

ख़बर शेयर करें -

तिरंगे में लिपटे जवानों और मासूम बच्चों के शव घर पहुंचे तो चीख-पुकार से गूंज उठा इलाका

कोटद्वार/पौड़ी। गुजरात के कच्छ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पौड़ी जिले के कोटद्वार में तीन सैन्य परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में जान गंवाने वाले दो सैन्य जवानों और उनके परिवार के पांच सदस्यों के पार्थिव शरीर सोमवार सुबह कोटद्वार पहुंचे। तिरंगे में लिपटे जवानों और मासूम बच्चों के शव घर पहुंचे तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। इस हादसे में तीन सैन्य परिवारों के सात सदस्यों की मौत हुई है, जिनमें दो जवान, दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।

Ad

गुजरात से लाए गए सभी पार्थिव शरीर सबसे पहले कोटद्वार के कौड़िया स्थित सेना कैंप पहुंचे। यहां सैन्य औपचारिकताओं के बाद शवों को उनके घरों तक पहुंचाया गया। नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और तीन माह की बेटी शिविका के पार्थिव शरीर ध्रुवपुर स्थित आवास पहुंचे। नायक राजेश सिंह रावत और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता के शव सिमलचौड़ स्थित घर लाए गए। वहीं, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी और चार वर्षीय बेटी वामिका के पार्थिव शरीर मोटाढाक क्षेत्र के शिवराजपुर स्थित आवास पहुंचे।

नायक सौरभ सिंह नेगी और नायक राजेश सिंह रावत का अंतिम संस्कार कोटद्वार में सैन्य सम्मान के साथ किया गया। तिरंगे में लिपटे जवानों के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सैन्य अधिकारियों और जवानों ने अपने साथियों को श्रद्धांजलि दी। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने भी नायक राजेश सिंह रावत के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी और बेटी वामिका का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया जाएगा। नितिन गुसाईं वर्तमान में सेना में तैनात हैं और हादसे के समय ड्यूटी पर होने के चलते सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, तीनों सैन्य परिवार गुजरात में छुट्टियां बिताने गए थे। शनिवार रात कच्छ के रण की सैर के बाद वे भुज की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी कार की तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार में सवार सातों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को निकालने में बचाव दल को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। इस हृदयविदारक हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता देने की घोषणा की गई।

हादसे के बाद कोटद्वार में शोक की लहर है। जिन घरों में कुछ दिन पहले तक बच्चों की किलकारियां और परिवार के साथ बिताए पलों की खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गहरा दुख है। इस त्रासदी ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Ad

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड