उत्तराखंड में अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, 14 और 16-17 अगस्त को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से 13 अगस्त को जारी मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को आवश्यक सावधानियां और तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विशेष रूप से भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना वाले क्षेत्रों में अधिकारियों को अलर्ट रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा है।
14 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।
वहीं चम्पावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है। राज्य के शेष जिलों में गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र वर्षा के दौर को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
15 अगस्त को पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट
15 अगस्त को उत्तराखंड के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। पर्वतीय जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र से अति तीव्र बारिश के दौर की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है।
16 अगस्त को चम्पावत समेत तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
16 अगस्त को चम्पावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा का दौर आने की संभावना है।
17 अगस्त को देहरादून-टिहरी में ऑरेंज अलर्ट
17 अगस्त को देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। दोनों जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और अति तीव्र से अत्यंत तीव्र बारिश होने की संभावना है।
राज्य के अन्य जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तीव्र से अति तीव्र वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा।
आपदा प्रबंधन विभाग ने जारी की एडवाइजरी
सचिव विनोद कुमार सुमन ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से मौसम की स्थिति की जानकारी लेते रहने तथा भूस्खलन और चट्टान गिरने की आशंका वाले संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों, नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास नहीं जाने को कहा है।
भारी बारिश या अचानक बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने और सक्रिय भूस्खलन क्षेत्र को पार करने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने के बजाय सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने को कहा गया है। भारी बारिश के दौरान उफनती नदियों, धाराओं और नालों में तैरने या नौका विहार से भी बचने की अपील की गई है। विभाग ने चेताया है कि प्रतिकूल मौसम के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में सभी नागरिकों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की गई है।



