चम्पावत की दो बेटियों का सम्मान: रितिका बगौली को तीलू रौतेली पुरस्कार, तुलसी देवी को आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार
चम्पावत। उत्तराखंड सरकार ने सामाजिक, शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को दिए जाने वाले प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार-2026 के लिए चम्पावत जिले की प्रतिभाशाली बेटी रितिका बगौली का चयन किया है। रितिका जिले के लोहाघाट क्षेत्र के फोर्ती गांव की निवासी हैं और वर्तमान में ग्राफिक एरा में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।
रितिका बगौली ने अपने छात्र जीवन के दौरान एक अभिनव “अल्गल ट्री” (Algal Tree) विकसित किया था। इसकी विशेषता यह है कि यह लगभग 10 पेड़ों के बराबर ऑक्सीजन उत्पन्न करने की क्षमता रखता है। उनके इस नवाचार और शोध कार्यों को व्यापक सराहना मिली है। वर्तमान में भी वह विभिन्न शोध परियोजनाओं पर कार्य कर रही हैं।

वहीं, चम्पावत जिले के पाटी ब्लॉक के सिमलखेत गांव की निवासी तुलसी देवी को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। दोनों महिलाओं के सम्मानित होने की खबर से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे चंपावत के लिए गौरव का क्षण बताया है।
रितिका बगौली ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं। सामाजिक कार्यकर्ता विनोद बगौली ने कहा कि रितिका ने फोर्ती गांव के साथ-साथ पूरे चम्पावत जिले का नाम प्रदेश और देशभर में रोशन किया है। उन्होंने गांव की ओर से रितिका को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

