देहरादून के डोईवाला में भीषण सड़क हादसा: मणिमाई मंदिर के पास चार लोगों की मौत, पांच घायल
डोईवाला। देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में मणिमाई मंदिर के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर हुए भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब आगे चल रहे एक पिकअप वाहन का अचानक पिछला पहिया निकल गया। पहिया निकलने के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मौके पर दो की मौत, इलाज के दौरान दो ने दम तोड़ा
हादसे के वक्त इको कार में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। टक्कर में इको में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतकों की पहचान की जा रही है। हादसे में घायल अन्य लोगों को पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से दो ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई। पुलिस के मुताबिक तीन गंभीर घायलों को सीएचसी डोईवाला में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो की उपचार के दौरान मौत हो गई। दो घायलों को हिमालयन हॉस्पिटल और चार लोगों को देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इनमें से भी दो लोगों की मौत हुई है।
मृतकों में 42 वर्षीय नरेश पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक (हरियाणा) की पहचान हुई है। एक अन्य मृतक भी रोहतक, हरियाणा का रहने वाला बताया गया है, जबकि दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे में घायल तीन लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें विक्की पुत्र रामभरोसे, निवासी ग्राम गिन्नौर, बदायूं (उत्तर प्रदेश) की पहचान हुई है। एक घायल का उपचार जॉली ग्रांट अस्पताल में चल रहा है, जबकि तीसरे घायल की पहचान पुलिस अभी नहीं कर पाई है।
हाईवे पर करीब एक घंटे लगा जाम
भीषण टक्कर के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और टोल के पास करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसआई कोतवाली नारायण व्यास ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इको वाहन में सात लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि अन्य घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

