लोहाघाट में विधायक ने अग्निवीरों को किया सम्मानित, बताया देश का गौरव

लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट से कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने छमनिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अधिकारी ने पूर्व सैनिक मयंक ओली की देखरेख में तैयारी कर अग्निवीर के लिए चयनित हुए 23 युवाओं को सम्मानित किया।

पूर्व सैनिक एवं कोच मयंक ओली की अध्यक्षता में हुए सम्मान समारोह में विधायक अधिकारी ने अग्निवीर में चयनित सभी युवाओं को सम्मानित करते हुए भविष्य की शुभकामनाएं दी।कहा यह युवा हमारे क्षेत्र व देश का गौरव हैं। उन्होंने सभी युवाओं को तन मन से देश सेवा करने को कहा। साथ ही क्षेत्र के युवाओं को भारतीय सेना व अन्य सैन्य बलों के लिए निशुल्क प्रशिक्षित कर रहे पूर्व सैनिक मयंक ओली के कार्यों की सराहना की। कहा आज बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जो निस्वार्थ सेवा करते हैं। उन्हीं में से मयंक ओली भी एक हैं।विधायक अधिकारी ने कोच ओली को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सूबेदार प्रहलाद सिंह अधिकारी ने युवाओं में जोश भरते हुए अनुशासन के साथ देश सेवा करने को कहा। कार्यक्रम में विधायक अधिकारी का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शंकर बोरा, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अमर सिंह कोटियाल, ग्राम प्रधान खोला सुनार ललित वर्मा, हरदेव जोशी, देव सिंह मेहरा आदि मौजूद रहे।
