युवा संवाद में मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र, बोले- युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत


टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने अपने दो दिवसीय चम्पावत दौरे के दौरान शनिवार को टनकपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। मिलन वाटिका में शिवम फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, रोजगार, विज्ञान, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था जैसे विषयों पर युवाओं के सवालों के जवाब दिए।



मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा राष्ट्र है और युवाओं की ऊर्जा ही विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत तथा सशक्त उत्तराखण्ड के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि चम्पावत में साइंस सेंटर और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी परियोजनाएं युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेंगी।


सीमांत क्षेत्रों से पलायन और रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तकालय, ज्ञानसेतु केंद्र, ओपन जिम, बास्केटबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं। मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से “ड्रग फ्री देवभूमि मिशन” के ब्रांड एम्बेसडर बनने की अपील की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति A. P. J. Abdul Kalam, Sachin Tendulkar और E. Sreedharan के उदाहरण देकर युवाओं को अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में 2.75 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। नन्दा गौरा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चम्पावत में बन रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज महिलाओं के लिए नए अवसरों का द्वार खोलेगा। नकल विरोधी कानून पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त कार्रवाई के चलते 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और अब प्रदेश में भर्ती परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अब चयन का आधार केवल योग्यता और प्रतिभा है।




कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित भी किया। साथ ही उन्होंने डायट लोहाघाट के प्राचार्य डॉ. कमल गहतोड़ी की पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सिंह सामंत, शिवम फाउंडेशन के अध्यक्ष शशांक गोयल, भाजपा महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी, हरीश भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी , जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।


