उत्तराखण्डक्राइमनवीनतमहरिद्वार

उत्तराखंड में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या, भाई पर वारदात का आरोप; जीजा भी घायल

ख़बर शेयर करें -

रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में मंगलवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनका जीजा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वारदात को दोनों महिलाओं के सगे भाई ने अंजाम दिया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि मंगलवार 25 अगस्त की देर शाम गणेशपुर-आजाद नगर पनियाला रोड स्थित माता मंदिर के सामने गली नंबर-5 में अचानक गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आरोपी विक्की ने अलग-अलग स्थानों पर जाकर अपनी दोनों बहनों पर फायरिंग की।

Ad Ad

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले गणेशपुर निवासी शकुंतला को गोली मारी। इसके बाद वह आजाद नगर पहुंचा, जहां उसने अपनी दूसरी बहन पुष्पा और उसके पति पर भी फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुष्पा का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पहली वारदात के बाद आरोपी सीधे सुभाषनगर पहुंचा। यहां उसकी दूसरी बहन पुष्पा घर पर मौजूद थी। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, आरोपी ने उस पर भी गोली दाग दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। इसी दौरान पुष्पा का पति संदीप बाहर आया तो आरोपी ने उसे भी गोली मार दी।

वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी

दो बहनों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं वारदात के बाद फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस घटना के पीछे की वजह समेत वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पारिवारिक विवाद की बात सामने आई

प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने अभी वारदात की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं की है। दो सगी बहनों की एक ही परिवार के सदस्य द्वारा कथित तौर पर हत्या किए जाने की खबर से क्षेत्र में मातम और दहशत का माहौल है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विक्की नाम के युवक ने अपनी दो सगी बहनों की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि घटना में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह तथा वारदात का पूरा घटनाक्रम जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।