जल विद्युत निगम का JE 50 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड में विजिलेंस की लगातार कार्रवाई के बाद भी सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। हर महीने किसी न किसी विभाग का कर्मचारी विजिलेंस के शिकंजे में फंसता नजर आ रहा है। अब ताजा मामला जल विद्युत निगम से सामने आया है, जहां विजिलेंस टीम ने जूनियर इंजीनियर (JE) फैजल खान को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से काशीपुर का निवासी बताया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार एक ठेकेदार ने विजिलेंस विभाग से शिकायत की थी कि उसका भुगतान जारी करने के बदले JE फैजल खान रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद देहरादून विजिलेंस की टीम ने ऋषिकेश में जाल बिछाया और आरोपी JE को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के तुरंत बाद विजिलेंस टीम आरोपी को अपने साथ देहरादून ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

