नवीनतमनैनीतालहादसा

नैनीताल : कार गहरी खाई में गिरी, एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौत

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार को भीषण हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि भवाली गांव बाईपास पर एक कार खाई में गिर गई। हादसे में पांच लोगों की मौत की सूचना है। रेस्क्यू अभियान जारी है। नैनीताल जिले के भवाली-सेनिटोरियम मोटर मार्ग पर बृहस्पतिवार की दोपहर दो बजे एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार छह लोग में से पांच की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई से बाहर निकाला जा रहा है। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि कार खाई में 100 फिट गहरी खाई में गिरी है। घायल को बाहर निकाला जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक यह भीषण सड़क हादसा गुरुवार को दोपहर करीब 2:15 बजे सेनेटोरियम- रातीघाट बायपास रोड पर उस समय घटित हुआ जब भवाली स्थित ढैला गांव से 500 मीटर पहले एक उत्तर प्रदेश नंबर की एक महिंद्रा कार (वाहन संख्या यूपी 32 क्यूयू 1874) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गई। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है, जो अभी भी जारी है। दुर्घटनाग्रस्त कार लखनऊ के पर्यटकों की बताई जा रही है। इस भीषण हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुःख जताते हुए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।

Ad Ad

कैंची धाम क्षेत्र में फूड वैन लगाने वाले एक व्यक्ति द्वारा कार को खाई में गिरते देखा। जिसके बाद घटना की सूचना तत्काल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को खाई से बाहर निकाल नजदीकी प्राथमिक समुदाय केंद्र भेजा। जहां डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है सभी लोग बीते 19 मई को नैनीताल घूमने पहुंचे थे और आज 21 मई को कैंची धाम क्षेत्र से लगे भवाली गांव में अपने किसी परिचित के घर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में पिता, पुत्र, मां, बेटी और ड्राइवर की मौत हो गई।
क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल ने बताया है कि मृतकों में खटीमा निवासी एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), उनकी पत्नी सीमा खेड़ा चुफाल (45), पुत्र वासु चुफाल (19) और 12 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। इसके अलावा वाहन चालक की भी मौत हो गई है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि चालक उत्तर प्रदेश के लखनऊ का निवासी था। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

नोट- इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है। चम्पावत खबर के साथ बने रहिये…