आदि कैलाश से लौट रही जीप खाई में गिरी, छह लोगों की मौत हुई, पुलिस ने सभी शव बरामद किए
उत्तराखंड में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। आदि कैलाश से दर्शन कर लौट रहे यात्रियों की टैक्सी नेशनल हाईवे पर गहरी खाई में गिर गई। सड़क हादसे के समय टैक्सी में छह लोग सवार थे। पुलिस-प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन मंगलवार देर रात तक लापता यात्रियों का कोई सुराग नहीं पता चला। बुधवार को पुलिस ने दो स्थानीय लोगों के साथ ही चार यात्रियों के शव बरामद कर लिए हैं।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में यह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ के धारचूला-लिपुलेख राष्ट्रीय राजमार्ग में एक टैक्सी दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त गाड़ी में चालक सहित छह यात्री सवार थे। हादसे के बाद सभी छह लोग लापता हैं। बताया जा रहा है कि लापता पांच लोग आदि कैलाश दर्शन का वापस लौट रहे थे। घटना के पांच घंटे से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी लापता लोगों का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है। जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार को धारचूला तहसील मुख्यालय से 23 किमी दूर पांगला तंपा मंदिर के समीप हुआ।
स्थानीय एक व्यक्ति गुंजी से अपने टैक्सी में पांच आदि कैलाश यात्रियों को लेकर धारचूला के लिए रवाना हुआ। दोपहर एक बजे के करीब 57 किमी दूरी तय करने बाद टैक्सी अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर दूर खाई में गिर कर काली नदी किनारे पहुंच गई। पीछे से आ रहे दूसरे वाहन में सवार लोगों ने घटना की जानकारी किसी तरह प्रशासन को दी। बाद में पांगला पुलिस के साथ ही एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पहुंची। उन्होंने स्थानीय लोगों, एसएसबी के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक कोई पता नहीं चल सका। टीम लापता लोगों की खोजबीन में जुटी हुई है। देर रात तक कोई सुराग नहीं मिलने से आशंका लगाई जा रही है छह लोगों की मौत हो गई होगी।
पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक योगेश्वर सिंह ने बताया कि वाहन संख्या यूके 04-टीबी 2734 जो 06 लोगों (04 पर्यटक, 02 स्थानीय व्यक्ति/चालक) को लेकर गुंजी से धारचूला जा रहा था, अचानक तंपा मन्दिर के पास गहरी खाई में गिर गया। जिसमें सभी यात्रियों की मृत्यु हो गयी। थाना धारचूला पुलिस, थाना पांगला पुलिस, हाईवे पैट्रोल यूनिट 3, फायर यूनिट धारचूला, SDRF, SSB, ITBP की टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर सभी शवों को बरामद कर लिया गया है, जिसमें 04 पर्यटक बेंग्लुरू, कर्नाटक के तथा 02 व्यक्ति स्थानीय होना ज्ञात हुआ है। सेना की माउण्टेनिंग टीम भी मौके पर पहुँचने वाली है। शवों का रेस्क्यू किया जा रहा है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा/ पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। मृतकों में सत्यब्रदा पारैदा 59 वर्ष, नीलाला पन्नोल 58 वर्ष, मनीष मिश्रा 48 वर्ष, प्रज्ञा 52 वर्ष, हिमांशु कुमार 24 वर्ष, विरेन्द्र कुमार 39 वर्ष शामिल हैं। मृतक यात्री बेंगलुरू के रहने वाले बताए जा रहे हैं।