चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट : 10 दिन से लापता 38 वर्षीय भुवन चंद्र का जंगल में मिला शव, परिवार में मचा कोहराम

ख़बर शेयर करें -

घर से करीब 100 मीटर दूर पहाड़ी पर पड़ा मिला शव, प्रथमदृष्टया फिसलकर गिरने की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

लोहाघाट/चम्पावत। चम्पावत जिले के लोहाघाट ब्लॉक की ग्राम पंचायत मंगोली के बटोली तोक निवासी 38 वर्षीय भुवन चंद्र का शव गुरुवार को घर से करीब 100 मीटर दूर जंगल में पहाड़ी पर पड़ा मिला। भुवन चंद्र 21 सितंबर 2026 से लापता चल रहे थे। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, भुवन चंद्र पुत्र स्वर्गीय महेश चंद्र 21 सितंबर को घर से काम के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर से आसपास और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 26 सितंबर को थाना लोहाघाट में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। गुमशुदगी की सूचना के बाद थानाध्यक्ष लोहाघाट ओमप्रकाश के निर्देश पर पुलिस, वन विभाग, फायर टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया। गुरुवार को सर्च अभियान के दौरान टीम को मंगोली के जंगल में पहाड़ी पर भुवन चंद्र का शव दिखाई दिया।

थानाध्यक्ष ओमप्रकाश के अनुसार, प्रथमदृष्टया रास्ते से फिसलकर पहाड़ी से नीचे गिरने के कारण मौत होने की आशंका है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। भुवन चंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। करीब दस दिन तक चले तलाश अभियान के बाद शव बरामद होने से पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, हालांकि परिवार के लिए यह खबर बेहद दुखद रही। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।