उत्तराखंड : पहाड़ में गहरी खाई में गिरी कार 3 युवकों की गई जिंदगी
उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेहद ही भयानक और भयावह सड़क हादसे की ऐसी ही एक बेहद दुखद खबर आज राज्य के रुद्रप्रयाग जिले से सामने आ रही है। जहां भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर देर रात एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार सभी तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे की खबर से जहां मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं समूचे क्षेत्र में भी सन्नाटा पसर गया है।

अभी तक मिल रही जानकारी के मुताबिक यह हादसा बीती रात करीब 11:54 बजे उस समय घटित हुआ जब वाहन संख्या UK13TA/ 1991 भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था, तभी अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे लगभग 250 मीटर गहरी खाई में समा गई। हादसा इतना भीषण था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही SDRF की टीम अगस्त्यमुनि पोस्ट से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में मौके के लिए रवाना हुई। दुर्गम परिस्थितियों के बीच राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। गहरी खाई और अंधेरे के बावजूद टीम ने साहस दिखाते हुए शवों को बाहर निकालने का कठिन अभियान शुरू किया।
दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान नवीन सिंह (30) निवासी औरिंग, अमित सिंह (35) निवासी सुरसाल और अंशुल (28) निवासी सुरसाल के रूप में हुई है। तीनों युवक एक साथ यात्रा कर रहे थे, लेकिन यह सफर उनके लिए अंतिम साबित हुआ। अब तक SDRF टीम एक शव को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाने में सफल रही है, जबकि अन्य शवों को निकालने का कार्य जारी है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर पूरे अभियान को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है।


