टनकपुर में रेलवे स्टेशन के समीप मिले अधेड़ के शव की हुई शिनाख्त, नेपाल निवासी निकला मृतक
टनकपुर/चम्पावत।। टनकपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र के समीप झाड़ियों में मिले अधेड़ व्यक्ति के शव की शिनाख्त नेपाल के कंचनपुर निवासी काशी महर कामी (51) के रूप में हुई है। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए।
कोतवाली टनकपुर के प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत ने बताया कि शव मिलने के बाद उत्तराखंड के सभी जनपदों के साथ-साथ नेपाल प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई थी। गुरुवार को नेपाल पुलिस की मदद से मृतक के परिजन टनकपुर पहुंचे, जिन्होंने शव की पहचान काशी महर कामी (51) पुत्र निवासी कंचनपुर, नेपाल के रूप में की। इसके बाद उपनिरीक्षक कुशल सिंह नगरकोटी द्वारा पोस्टमार्टम एवं पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि काशी महर कामी नैनीताल में मजदूरी का कार्य करते थे और अपने साथियों के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान वह टनकपुर पहुंच गए। बाद में उनका शव रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में मिला। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

