लोहाघाट पुलिस की त्वरित कार्रवाई, एक घंटे में गुमशुदा 11 वर्षीय बालक बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस ने चलाया सघन खोजबीन अभियान, सकुशल बालक को परिजनों के सुपुर्द किया
लोहाघाट/चम्पावत। लोहाघाट पुलिस की तत्परता से रविवार को गुमशुदा 11 वर्षीय बालक को महज एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने चम्पावत पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में, प्रभारी थानाध्यक्ष लोहाघाट ओम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 13 सितंबर 2026 को सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई शुरू की। नाबालिग की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने टीम गठित कर संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन और चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस की तत्परता और सतर्कता के परिणामस्वरूप गुमशुदा बालक को सूचना मिलने के करीब एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
आवश्यक पुलिस औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। चम्पावत पुलिस ने कहा कि हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।

