उधमसिंह नगरनवीनतम

लोहियाहेड वाटर बाईपास को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा: मुख्यमंत्री धामी

ख़बर शेयर करें -

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को ऊधमसिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र स्थित उभरते हुए पर्यटन स्थल लोहियाहेड वाटर बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों से विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहियाहेड वाटर बाईपास में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है।

Ad Ad

मुख्यमंत्री ने बताया कि शारदा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के अंतर्गत भी इस क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार और लोगों की आय में भी वृद्धि होगी। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र की पर्यटन क्षमता का बेहतर उपयोग कर स्थानीय लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोहियाहेड वाटर बाईपास के विकास के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आवश्यकताओं का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए।