मुख्यमंत्री धामी के चम्पावत दौरे को लेकर यातायात डायवर्जन प्लान जारी, आम जनता से सहयोग की अपील
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 29 जून 2026 को प्रस्तावित चम्पावत भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनज़र जिला पुलिस एवं प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, खटीमा, बनबसा और टनकपुर से लोहाघाट एवं पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले सभी वाहन बनलेख बैरियर, ललुवापानी और भैरवा तिराहा होते हुए छतार तिराहा के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं पिथौरागढ़ और लोहाघाट से टनकपुर, बनबसा एवं मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले वाहनों को छतार तिराहा, जीआईसी तिराहा, एफसीआई तिराहा और कापड़ी तिराहा (पुलिस लाइन) होकर भेजा जाएगा।
सुरक्षा के मद्देनज़र मुख्यमंत्री के आगमन से एक घंटा पहले सभी भारी वाहनों को तिलौन और बनलेख बैरियर पर रोक दिया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री के आगमन से आधा घंटा पूर्व वीआईपी रूट को पूर्ण रूप से जीरो जोन घोषित किया जाएगा, जहां सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
वाहनों की पार्किंग के लिए भैरवा पार्किंग और टीआरसी (TRC) पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए तिलौन बैरियर, छतार तिराहा, जीआईसी तिराहा, ललुवापानी तिराहा, एमईएस तिराहा, भैरवा तिराहा, कापड़ी तिराहा तथा एसएसबी/गणपति तिराहा सहित आठ प्रमुख स्थानों पर पुलिस बैरियर स्थापित किए जाएंगे। जिला पुलिस प्रशासन ने आम जनता, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।


