नवीनतमराजनीतिलोकसभा चुनाव 2024

लोकसभा चुनाव : TMC ने यूसुफ पठान को भी बनाया प्रत्याशी, शत्रुघ्न सिन्हा, महुआ मोइत्रा व अभिषेक बनर्जी का भी टिकट पक्का

ख़बर शेयर करें -

लोकसभा चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। रविवार को विपक्षी गठबंधन को जोरदार झटका लगा है। सहयोगी दल तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कोलकाता में आयोजित रैली में बंगाल की सभी 42 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने जिन नामों का एलान किया है, उनमें कई बड़े नाम शामिल हैं।

अभिषेक बनर्जी
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी का नाम भी इस सूची में शामिल है। वह डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ेंगे। अभिषेक का जन्म सात नवंबर 1987 में हुआ। वे वर्तमान में पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 16 वीं लोकसभा में भारतीय राजनेता और संसद सदस्य हैं। उन्होंने अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार होने के नाते भारतीय आम चुनाव 2014 जीता था।

युसूफ पठान
इस सूची में एक और बड़ा नाम सामने आया है। वो नाम है पूर्व भारतीय क्रिकेटर युसूफ पठान का। वह राजनीतिक मैदान में उतरने को तैयार है। यूसुफ पठान बहरमपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि यूसुफ पठान का मुकाबला कांग्रेस पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी से होगा।

महुआ मोइत्रा
सबसे ज्यादा चर्चाओं में रहने वालीं टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा के नाम पर भी मुहर लग गई है। वह कृष्णानगर से चुनाव लड़ेंगी। कोलकाता में जन्म लेने वाली पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा हायर एजुकेशन पूरा करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका चली गई थीं। पढ़ाई पूरी होने के बाद वह लंदन की प्रतिष्ठित बैंकिंग कंपनी में नौकरी करने लगी। देखते ही देखते वह कम समय में ही इस कंपनी की वाइस प्रसिडेंट भी बन गई। इसी दौरान महुआ ने अपनी इतनी अच्छी नौकरी को छोड़कर बंगाल की राजनीति से जुड़ने का फैसला किया। हालांकि, उनका राजनीतिक करियर काफी विवादों से घिरा रहा है।

शत्रुघ्न सिन्हा
टीएमसी ने एक बार फिर आसनसोल सीट से शत्रुघ्न सिन्हा को ही उतारा है। जबकि इस बार भाजपा ने भोजपुरी स्टार पवन सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। यानी दो बिहारी स्टारों की यहां टक्कर तय है। ऐसे में मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है। इस सीट से भाजपा के टिकट पर बाबुल सुप्रियो लोकसभा चुनाव 2019 में जीते थे, लेकिन वो टीएमसी में आ गए और 2021 में विधानसभा चुनाव जीतकर वो ममता मंत्रिमंडल में शामिल हो गए थे। वहीं उपचुनाव में शत्रुघ्न सिन्हा यहां से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल को करीब तीन लाख वोटों के भारी अंतर से हराया था। बॉलीवुड के ‘शॉटगन’ कहे जाने वाले दिग्गज एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने करियर में एक से एक सुपरहिट फिल्में दी हैं। उन्होंने कई फिल्मों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। पिछले कई सालों से वह राजनीति में भी अपना दम दिखा रहे हैं।

कीर्ति आजाद को भी मिला टिकट
इसके अलावा 1983 विश्व कप की विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे कीर्ति आजाद को भी तृणमूल कांग्रेस ने टिकट दिया है। वह बर्धमान दुर्गापुर से चुनाव लड़ेंगे। कीर्ति आजाद ने 2014 के आम चुनाव में भाजपा से चुनाव लड़ा था और बिहार के दरभंगा सीट से सांसद चुने गए थे। 23 दिसंबर 2015 को उन्हें पार्टी ने निलंबित किया था। फरवरी 2019 में कीर्ति आजाद कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। वह कांग्रेस ने 2019 के आम चुनाव में धनबाद लोक सभा सीट से चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें भाजपा के पशुपति नाथ सिंह ने 4.8 लाख के वोटों के अंतर से हराया था। नवंबर, 2021 में कीर्ति आजाद तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे और कहा था कि राजनीति से संन्यास तक वह इसी पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।