चम्पावत-टनकपुर हाईवे पर बड़ा हादसा टला: नशे में धुत कार सवारों ने सामने से आ रही गाड़ी को मारी टक्कर, एयरबैग ने बचाई जान
चम्पावत। चम्पावत-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर सूखीढांग के पास अमरू बैंड पर आज सोमवार दिन में एक भीषण सड़क दुर्घटना होने से बाल-बाल बच गई। कथित रूप से नशे में धुत युवकों की लापरवाही के कारण दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। पैराफिट और एयरबैग खुलने की वजह से कार सवारों की जान बच सकी।

जानकारी के अनुसार, एक ऑल्टो कार हल्द्वानी अस्पताल से वापस लौट रही थी। इसी दौरान अमरू बैंड के समीप सामने से आ रही एक अन्य कार अचानक गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आ गई। बताया जा रहा है कि इस कार में सवार युवक अत्यधिक नशे की हालत में थे। उन्होंने सामने से आ रही ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी।एयरबैग और पैराफिट बने रक्षकइस भयानक टक्कर में ऑल्टो कार में सवार स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी और उनके पुत्र गंभीर रूप से चोटिल होने से बच गए। चश्मदीदों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद गाड़ी के एयरबैग खुल गए। इसके साथ ही सड़क किनारे बने पैराफिट (सुरक्षा दीवार) ने कार को गहरी खाई में गिरने से रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने नशे में धुत कार सवार युवकों की इस करतूत पर गहरा आक्रोश जताया। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पहाड़ी रास्तों पर नशे में वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले ऐसे चालकों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


