Wednesday, July 1, 2026
उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतमशिक्षा

उत्तराखंड शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, सिमल्टी बने माध्यमिक शिक्षा निदेशक, रावत को प्रारंभिक शिक्षा की अतिरिक्त जिम्मेदारी

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वार्षिक स्थानांतरण सत्र-2026 के तहत शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार माध्यमिक, प्रारंभिक एवं विद्यालयी शिक्षा परिषद सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर तैनातियों में बदलाव किया गया है।

शासन के आदेश के तहत विनोद प्रसाद सिमल्टी को प्रभारी निदेशक, माध्यमिक शिक्षा नियुक्त किया गया है। वहीं के.एस. रावत को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रभारी निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा तथा अपर परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा विनोद कुमार ढौंडियाल को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत गोविंद राम जायसवाल को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) के साथ प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में रणजीत सिंह नेगी को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), नैनीताल नियुक्त किया गया है। उन्हें प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल तथा लोक सेवा अधिकरण, नैनीताल में नोडल अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।

Ad Ad

शिक्षा मंत्री ने जताया विश्वास

उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अनुभवी अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपे जाने से शिक्षा विभाग के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से विभागीय समन्वय और अधिक मजबूत होगा तथा प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यालयी शिक्षा प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाना है, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश निरंतर बेहतर प्रदर्शन कर सके।