रामनगर में हुआ दर्दनाक हादसा, कोसी नदी में डूबने से दो युवकों की मौत
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में सोमवार को कोसी नदी में हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। कोसी बैराज के समीप नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से दो युवक गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, 8 जून की दोपहर आशीष रावत, रंजीत, मयंक असवाल और अंकित रावत कोसी बैराज के समीप नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान मयंक असवाल (24 वर्ष), निवासी ग्राम धर्मपुर औलिया पीरूमदारा और अंकित रावत (24 वर्ष), निवासी हिम्मतपुर ब्लॉक रामनगर, अचानक पानी के तेज बहाव और गहरे कुंड में फंस गए। दोनों युवकों ने बचाव के लिए शोर मचाया, जिसके बाद उनके साथ मौजूद दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों को नए पुल के पास नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल सरकारी अस्पताल रामनगर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से कोसी बैराज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है, लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में लोग प्रतिबंधित और खतरनाक स्थानों पर नदी में स्नान करते हैं। जिससे इस तरह की दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर नदी किनारे सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

