टनकपुर में स्वच्छता और अतिक्रमण के खिलाफ पालिका का अभियान, 3,500 रुपये जुर्माना वसूला
टनकपुर/चम्पावत। नगर पालिका परिषद टनकपुर की ओर से बुधवार को नगर क्षेत्र में स्वच्छता और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मछली गली वार्ड नंबर 4 में सड़क किनारे अवैध रूप से मछली बेचने वालों पर गंदगी फैलाने के मामले में चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित लोगों को भविष्य में उक्त स्थान पर मछली नहीं बेचने की चेतावनी दी गई।
नगर क्षेत्र में पॉलीथिन के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। इस दौरान पॉलीथिन का प्रयोग करने और सड़क किनारे गंदगी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 3,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा नगर पालिका की टीम ने वार्ड नंबर 8 में फुटपाथ पर फड़ और ठेली लगाकर किए जा रहे अतिक्रमण का भी निरीक्षण किया। दुकानदारों को फुटपाथ पर बनाई गई पीली पट्टी के पीछे ही फड़ लगाने के निर्देश दिए गए। पालिका ने स्पष्ट चेतावनी दी कि पीली पट्टी से आगे फुटपाथ पर फड़ लगाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।


नगर पालिका के अनुसार अभियान का उद्देश्य नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखना है। पालिका ने नगरवासियों और व्यापारियों से स्वच्छता नियमों का पालन करने तथा पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करने की अपील की है। अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद टनकपुर के अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, बसंत राज चन्द्र, अजय सजवान, हेमंत टण्डन, राकेश, राम रतन, विशाल, प्रमोद प्रकाश, शकुन सक्सेना, शंकर, सोमपाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


