देहरादून के प्रेमनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, सहारनपुर का गैंगस्टर रईस घायल; साथी फरार
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का शातिर गैंगस्टर रईस घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
बिना नंबर की बाइक पर सवार थे दोनों बदमाश
पुलिस के अनुसार, 12-13 अगस्त की देर रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर चौक की ओर से बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर दो लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक सवार तेजी से चाय बागान की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम के माध्यम से आसपास के थानों को सूचना दी और बदमाशों का पीछा शुरू किया। पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर दोनों बदमाश बाइक सड़क किनारे छोड़कर चाय बागान की ओर भाग गए। पीछा करने के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी।

घायल बदमाश की पहचान रईस के रूप में
घायल बदमाश की पहचान रईस पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर, हाल निवासी छुटमलपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है। उसका साथी नवाब निवासी सहारनपुर मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक चापड़, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी, नायलॉन की रस्सी और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
2024 की गौकशी की घटना में वांछित था रईस
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, घायल बदमाश रईस वर्ष 2024 में प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गौकशी की घटना में करीब दो साल से वांछित चल रहा था। इस संबंध में थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज है। पुलिस इस मामले में रईस के चार साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गौकशी की वारदात की फिराक में थे बदमाश
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रईस ने बताया कि वह लंबे समय से गौकशी की घटनाओं में शामिल रहा है। वह अपने साथी नवाब के साथ दोबारा देहरादून आया था। दोनों टी-स्टेट और आसपास के क्षेत्रों में घूमने वाले आवारा गौवंश की रेकी कर गौकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस से बचने के लिए बाइक की नंबर प्लेट भी हटा दी गई थी।
रईस पर दर्ज हैं करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे
देहरादून पुलिस के अनुसार, रईस सहारनपुर का गैंगस्टर है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में गौकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ सहारनपुर, हरिद्वार और देहरादून में कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में थाना प्रेमनगर में आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, फरार बदमाश नवाब की तलाश में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। अंतरराज्यीय और अंतरजनपदीय चेकपोस्ट के साथ ही आंतरिक मार्गों पर भी पुलिस का चेकिंग अभियान जारी है।

