नैनीताल : नरेश पांडे प्रकरण में नया मोड़, पहली शिकायतकर्ता युवती पुलिस हिरासत में
नैनीताल। भवाली व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष नरेश पांडे से जुड़े चर्चित मामले में गुरुवार को नया मोड़ आ गया। नरेश पांडे के खिलाफ सबसे पहले शिकायत दर्ज कराने वाली युवती को एक अन्य युवती की शिकायत के आधार पर मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
इस मामले की शुरुआत तब हुई थी जब नैनीताल के एक शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छात्रा ने नरेश पांडे पर शारीरिक शोषण, दबाव बनाकर गर्भपात कराने और अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में नरेश पांडे की अग्रिम जमानत याचिका निचली अदालत के साथ-साथ उत्तराखंड उच्च न्यायालय से भी खारिज हो चुकी थी, जिसके बाद वह फरार चल रहा था।
बाद में एक अन्य युवती की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार देर रात नरेश पांडे को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
इसी जांच के दौरान गुरुवार को पुलिस ने पहली शिकायतकर्ता युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। देर शाम तक मल्लीताल कोतवाली में उससे पूछताछ जारी रही।
पुलिस के अनुसार, दूसरी शिकायतकर्ता युवती ने नरेश पांडे और पहली शिकायतकर्ता युवती दोनों पर ब्लैकमेलिंग, शारीरिक शोषण तथा जबरन शारीरिक संबंध बनवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवती को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किए जाने की संभावना है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा, “मामले में संलिप्त युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।”

