चम्पावत : पंत जयंती पर SARRA ने नोले-धारों में चलाया स्वच्छता और जल संरक्षण अभियान

चम्पावत। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARRA) की ओर से मौराड़ी क्षेत्र में जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन को लेकर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। शानि मंदिर परिसर के समीप स्थित पौराणिक कौला नौला में आयोजित अभियान के दौरान SARRA टीम ने व्यापक साफ-सफाई की। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल की महत्ता बताते हुए पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए जागरूक किया गया। साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक कचरे से मुक्त रखने तथा कचरे के उचित निस्तारण के लिए कूड़ेदान का प्रयोग करने की अपील की गई।


सघन सफाई अभियान के दौरान ग्रामीणों एवं अधिकारियों के सहयोग से करीब 50 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा और एक क्विंटल गीला कूड़ा एकत्र किया गया, जिसे पंचायत स्तर पर निस्तारण के लिए भेजा गया। स्थानीय लोगों ने जल एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से चलाए गए अभियान की सराहना करते हुए SARRA टीम का आभार जताया। कार्यक्रम में मौराड़ी की ग्राम प्रधान विमला जोशी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, SARRA टीम के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

