चम्पावत : 15 अक्टूबर तक जनपद की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, डीएम ने विभागों को दिए निर्देश
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद की सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, ग्रामीण निर्माण विभाग समेत सड़क निर्माण से जुड़े सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों का आकलन कर कार्ययोजना तैयार करने और 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान बारिश और आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों, टूटे मार्गों और प्रभावित ड्रेनेज व्यवस्था वाले स्थानों का तत्काल चिन्हीकरण कर विवरण तैयार किया जाए। मौसम अनुकूल होते ही मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किए जाएं। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान की नियमित निगरानी की जाएगी और विभाग अपने अधीन आने वाली सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत का आकलन समय रहते पूरा करें। मुख्य मार्गों, ग्रामीण संपर्क मार्गों और अधिक यातायात वाले मार्गों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखने के साथ ही अधिकारियों को मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने अथवा किसी अन्य आपदा की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। बैठक में डीएफओ धिनो पुरुषोत्तमन, प्रभारी सीडीओ अजय सिंह, लोनिवि चम्पावत के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, लोनिवि लोहाघाट के अधिशासी अभियंता मयंक तिवारी, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता बीसी नैनवाल, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रघुबर दत्त भट्ट, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत अन्य अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

