चम्पावत : कलश संगीत कला समिति की वार्षिक संगीत प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्रतिभाओं ने बिखेरा सुरों का जादू
चम्पावत। कलश संगीत कला समिति द्वारा आयोजित वार्षिक संगीत प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस में संगीत प्रतिभाओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा से भरपूर इस आयोजन में जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने सुगम संगीत, शास्त्रीय गायन एवं शास्त्रीय वादन की शानदार प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संगीत मानव जीवन को संवेदनशीलता, अनुशासन और संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं और बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं तथा भारतीय संगीत परंपरा के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिलाधिकारी ने कलश संगीत कला समिति द्वारा क्षेत्र में संगीत एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सभासद रोहित बिष्ट, डॉ. मनीषा, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, सभासद प्रेमा चिलकोटी, फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री डॉ. सतीश पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन स्वर, ताल, लय, प्रस्तुति एवं मंच कौशल के आधार पर किया गया। शास्त्रीय संगीत की गंभीरता, वादन की मधुरता और सुगम संगीत की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि संगीत केवल कला नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है तथा उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और सृजनात्मकता का विकास होता है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बी.सी. जोशी ने किया। उन्होंने समिति की गतिविधियों और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रेम बल्लभ भट्ट, गिरीश पंत, दिनेश बिष्ट, महेश जोशी, नवीन पंत, जनार्दन चिलकोटी, राजेंद्र गहतोड़ी, सागर मौनी और संतोष पांडेय सहित कई सदस्यों ने आयोजन में सहयोग दिया। वहीं युवा स्वयंसेवकों कंचन, हर्षित, ध्रुव और आयुष भट्ट ने मंच व्यवस्था एवं अतिथि सत्कार की जिम्मेदारियां संभालीं। अंत में समिति अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों, अभिभावकों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति का उद्देश्य क्षेत्र की संगीत प्रतिभाओं को एक मजबूत मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपनी कला को निखारकर बड़े मंचों तक पहुंच सकें। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के साथ हुआ। प्रतियोगिता के आगामी चरणों को लेकर प्रतिभागियों और संगीत प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

