चम्पावत : मुड़ियानी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ भव्य योग कार्यक्रम, मरीजों को वितरित किए बिस्किट और जूस
चम्पावत। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय, मुड़ियानी में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलश संगीत कला समिति के अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर हिमेश कालखुड़िया ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।


पतंजलि योग समिति के अध्यक्ष लोकमणि पंत ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि सम्पूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग और प्राणायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया। कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी राजेंद्र गहतोड़ी, तहसील प्रभारी रमेश चंद्र पुनेठा, युवा भारत स्वाभिमान के संरक्षक जनार्दन चिलकोटी, प्रदेश स्तरीय सदस्य चंद्र प्रकाश पुनेठा सहित कई वक्ताओं ने योग को स्वस्थ समाज निर्माण का आधार बताया।


कार्यक्रम का संचालन समिति के संरक्षक डॉ. बी.सी. जोशी ने किया। उन्होंने कहा कि योग आज विश्व स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है और इसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर सभासद प्रेमा चिलकोटी, इन्द्र सिंह बोरा, गिरीश चन्द्र पंत, सतीश चंद्र पांडेय, निर्मल पंत, नीरज जोशी, गिरीश चन्द्र जोशी, महेश चन्द्र जोशी, दिनेश बिष्ट, मोहन गिरी गोस्वामी, नवीन पंत, शंकर दत्त फुलारा, चंद्र शेखर फुलारा, शेखर चंद्र तिवारी, गीता पंत, कमला कांत जोशी एवं कमला किशन जोशी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया तथा नियमित रूप से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। योग कार्यक्रम के पश्चात सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए आयोजकों ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को बिस्किट एवं जूस वितरित किए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जन-आंदोलन बनाने और स्वस्थ एवं निरोग समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

