बाराकोट में बिहार निवासी मैकेनिक ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
चम्पावत। बाराकोट क्षेत्र में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 32 वर्षीय पिंटू पटेल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के चंपारण का निवासी था। वह बाराकोट स्थित एक वर्कशॉप में मैकेनिक के रूप में कार्यरत था और यहां अपने जीजा के साथ रह रहा था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार पिंटू पटेल पिछले कुछ समय से पारिवारिक कारणों के चलते मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के बीच उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। वहीं मुख्यालय से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। चौकी प्रभारी विपुल जोशी ने बताया है कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान एएसआई जितेंद्र महर, मोहन जुकरिया, हेमंत लूंठी और गौरव दुर्गापाल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

