सड़क हादसे में पीजीआई कॉलेज के छात्र की मौत, साथी घायल; इलाज के दौरान तोड़ा दम
पिथौरागढ़। जिले के थाना थल क्षेत्र के बूँगाछीना में गुरुवार को पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में पीजीआई कॉलेज बूँगाछीना के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसे के बाद थल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1:29 बजे सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक दिनेश शर्मा, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल जगदीश मारकोना घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और पिकअप वाहन मिले। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पहले ही एम्बुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ भेजा जा चुका था।

घायलों की पहचान दिव्यांश पुत्र गिरीश कापड़ी, निवासी सतगढ़ (कनालीछीना) और कमल बोरा पुत्र होशियार सिंह, निवासी चौपता, देवलथल (थाना थल) के रूप में हुई। दोनों पीजीआई कॉलेज बूँगाछीना के छात्र थे। डॉक्टरों के अनुसार, दिव्यांश को सामान्य चोटें आई हैं और उनका उपचार जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ में चल रहा है। वहीं गंभीर रूप से घायल कमल बोरा को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। थल पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और हादसे का विवरण IRAD पोर्टल पर दर्ज किया। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है तथा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

