चंपावतटनकपुरनवीनतमहादसा

शारदा नदी में डूबे दूसरे युवक का भी मिला शव, बैराज के गेट नंबर-6 पर फंसा मिला नैतिक सक्सेना का शव

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर में शारदा नदी में डूबे दो चचेरे भाइयों में से दूसरे युवक नैतिक सक्सेना का शव भी शुक्रवार दोपहर शारदा बैराज के गेट नंबर-6 से बरामद हो गया। परिजनों ने हाथ में पहनी अंगूठी से उसकी शिनाख्त की। इससे पहले गुरुवार को उसके चचेरे भाई तरुण सक्सेना का शव बरामद हुआ था। शारदा नदी में 22 जून को स्नान के दौरान तेज बहाव में बह गए दो चचेरे भाइयों में से दूसरे युवक नैतिक सक्सेना (18) पुत्र वीरबहादुर सक्सेना का शव भी शुक्रवार दोपहर शारदा बैराज के गेट नंबर-6 से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, 22 जून की दोपहर टनकपुर के बूम क्षेत्र में स्नान के दौरान तरुण सक्सेना और नैतिक सक्सेना शारदा नदी के तेज बहाव में बह गए थे। घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जल पुलिस ने लगातार सर्च अभियान चलाया। गुरुवार, 25 जून को तरुण सक्सेना (20) का शव शारदा घाट के सामने नेपाल की ओर बरामद हुआ था। वहीं शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे सूचना मिली कि शारदा बैराज के गेट नंबर-6 पर एक शव फंसा हुआ है। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया।

Ad Ad

शिनाख्त के लिए परिजनों को बुलाया गया, जहां मृतक के चचेरे भाई सूरज सक्सेना ने हाथ में पहनी अंगूठी के आधार पर शव की पहचान नैतिक सक्सेना के रूप में की। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि परिजनों द्वारा शव की शिनाख्त कर ली गई है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक पूरन सिंह तोमर की देखरेख में पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। शव को उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखा गया है। परिजनों के अनुसार, नैतिक के बड़े भाई अंकित सक्सेना की भी वर्ष 2019 में शारदा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। परिवार के मुखिया वीरबहादुर सक्सेना मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में माता सीता देवी, छोटा भाई वंश सक्सेना और बहन नंदिनी सक्सेना हैं। लगातार दूसरी बार परिवार पर आई इस त्रासदी से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।