चम्पावत जनपद : 29 साल की विकास यात्रा पर मंथन, जनभागीदारी से ‘आदर्श चम्पावत’ बनाने का संकल्प
स्थापना दिवस पर उपलब्धियों के साथ भविष्य की योजनाओं पर चर्चा, शिक्षा-स्वास्थ्य से लेकर पर्यटन और रोजगार तक विकास को नई गति देने पर जोर
चम्पावत। जनपद के 29वें स्थापना दिवस पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चम्पावत की विकास यात्रा, वर्तमान उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को लेकर व्यापक मंथन हुआ। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में जनप्रतिनिधियों, किसानों, व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों, पत्रकारों, भूतपूर्व सैनिकों, गणमान्य नागरिकों और अधिकारियों ने भागीदारी की। वक्ताओं ने स्थानीय संसाधनों और जनभागीदारी को विकास का आधार बनाते हुए ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

15 सितंबर 1997 को अस्तित्व में आए चम्पावत जनपद की 29वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, चम्पावत संघर्ष समिति अध्यक्ष बसंत तड़ागी और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में चम्पावत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल, आधारभूत ढांचे, आजीविका और जनसुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि विकास के साथ नवाचार और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। लिगेसी वेस्ट निस्तारण, पिरूल ब्रिकेट यूनिट, ज्ञान केंद्र, ज्ञान सेतु, आंगनबाड़ी केंद्रों में सोलर लाइट और दूरस्थ खिरद्वारी तक बिजली पहुंचाने जैसी पहल इसका उदाहरण हैं। जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट स्थापित की गई है, जबकि छमनियां लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, चम्पावत में साइंस सेंटर, टनकपुर में आईएसबीटी, गोल्ज्यू कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं जनपद के भविष्य की तस्वीर बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। गोष्ठी में ग्राम प्रधान भिंगराड़ा गीता भट्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास शाह, प्रगतिशील किसान रघुवर मुरारी, किसान राकेश उपाध्याय और पत्रकार पंकज पाठक ने भी सुझाव रखे। वक्ताओं ने कहा कि चम्पावत की विकास यात्रा को गति देने के लिए प्रशासन और जनता के बीच मजबूत सहभागिता जरूरी है। इस अवसर पर प्रभारी सीडीओ अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश दिगारी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, सीएचओ योगेश भट्ट समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


