चंपावतटनकपुरनवीनतम

शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर की सुरक्षा दीवार को लेकर थ्वालखेड़ा में विरोध, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। शारदा रिवर फ्रंट कॉरिडोर परियोजना के तहत ग्राम थ्वालखेड़ा में बनाई जा रही सुरक्षा दीवार को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सुरक्षा दीवार के निर्माण में उनकी सुविधाओं और आवागमन की जरूरतों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा है। इस संबंध में प्रभावित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चम्पावत को पत्र भेजकर मामले का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में बताया कि ग्राम थ्वालखेड़ा में सुरक्षा दीवार से संबंधित कार्य चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार संबंधित कार्यदायी संस्था ने पूर्व में ग्रामीणों के हितों का पूरा ध्यान रखने का आश्वासन दिया था। इसके लिए संयुक्त निरीक्षण भी किया गया था, जिसकी आख्या की प्रति जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई गई है।

Ad Ad

ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद निर्माण कार्य में उनके हितों की अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि सुरक्षा दीवार के निर्माण के कारण निकास और आवागमन के मार्ग को अवरुद्ध किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग संकरा होने से ट्रैक्टर, चौपहिया वाहनों और अन्य जरूरी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

ग्रामीणों ने पत्र में कहा है कि गांव में किसी व्यक्ति के बीमार होने या अन्य आपात स्थिति में एम्बुलेंस वाहन के आवागमन में भी दिक्कत हो सकती है। ग्रामीणों के मुताबिक निर्माण कार्य के कारण उनकी रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है और इससे लोगों में रोष व्याप्त है।

शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

प्रभावित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का स्थलीय निरीक्षण कराकर समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ग्रामीणों की समस्या का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो उन्हें ग्रामीणजन आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा दीवार का निर्माण इस प्रकार कराया जाए कि परियोजना के उद्देश्य के साथ-साथ ग्रामीणों के आवागमन और आवश्यक सुविधाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान हेमा जोशी, सतीश पांडेय, नारायण रावत, मनोज चंद्र जोशी, नीरज चंद्र जोशी, राहुल, पीयूष अवस्थी, प्रदीप नेगी, हेमा पांडेय, ममता, रेखा, भावना, कमला देवी, चंचला देवी, देवकी देवी आदि शामिल रहीं।