चम्पावत जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मजूमदार का इस्तीफा, डॉ. मोनिका गिरी अब सप्ताह में 3 दिन देंगी सेवाएं
चम्पावत। जिला चिकित्सालय चम्पावत में पिछले करीब डेढ़ साल से संविदा पर तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक मजूमदार ने पारिवारिक परिस्थितियों के चलते अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। डॉ. मजूमदार के कार्यकाल के दौरान अस्पताल में स्त्री रोग से संबंधित सेवाओं का लाभ मरीजों को मिलता रहा। डॉ. अभिषेक मजूमदार NHM के तहत संविदा स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में जिला चिकित्सालय चम्पावत में सेवाएं दे रहे थे। वे मूल रूप से शांति निकेतन, पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। अस्पताल में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मरीजों को सेवाएं देने के साथ स्त्री रोग विभाग में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डॉ. मजूमदार के त्यागपत्र के बाद जिला अस्पताल चम्पावत में स्त्री रोग विशेषज्ञ की सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 देवेश चौहान ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। अब उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार जिला चिकित्सालय चम्पावत में अपनी सेवाएं देंगी। वहीं सप्ताह के बाकी तीन कार्य दिवसों में डॉ. मोनिका गिरी उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में मरीजों को सेवाएं देंगी। इस व्यवस्था से चंपावत जिला अस्पताल आने वाली महिलाओं को स्त्री रोग विशेषज्ञ की सेवाएं सप्ताह में तीन दिन उपलब्ध रहेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 देवेश चौहान ने कहा कि “डॉ. मजूमदार ने सीमित संसाधनों के बावजूद पहाड़ की महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उनका काम हमेशा याद रखा जाएगा।” साथ ही उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में रोज़ाना आसपास के दूर-दराज गांवों से सैकड़ों महिलाएं इलाज कराने पहुंचती हैं। डॉ. मजूमदार के इस्तीफे के बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई विपरीत असर न पड़े, इसके लिए SDH लोहाघाट से डॉ. मोनिका गिरी को रोस्टर आधारित ड्यूटी पर तैनात कर दिया है। यह व्यवस्था सुनिश्चित करेगी कि लोहाघाट और चम्पावत—दोनों अस्पतालों में महिलाओं को विशेषज्ञ परामर्श और इलाज की सुविधा निरंतर मिलती रहे।

