खेलचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए चयन प्रक्रिया शुरू, 79 बालिका खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी पहल के तहत चम्पावत जिले के लोहाघाट में स्थापित हो रहे प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश के लिए अंतिम चयन प्रक्रिया शनिवार से शुरू हो गई। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंची 79 बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, फिटनेस और खेल कौशल का प्रदर्शन कर प्रवेश की दौड़ में अपनी दावेदारी पेश की।

महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा की देखरेख में आयोजित चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की 800 मीटर दौड़, 60 मीटर दौड़ और बैटरी टेस्ट लिया गया। पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा रही है। प्रधानाचार्य शर्मा ने बताया कि इस शैक्षणिक सत्र से कॉलेज में बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और बैडमिंटन खेल विधाओं में प्रशिक्षण और शिक्षा प्रारंभ की जाएगी। प्रथम चरण में प्रत्येक खेल से 10-10 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जिससे कुल 30 प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ियों को पहले बैच में प्रवेश मिलेगा।

Ad Ad

उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया दो दिनों तक चलेगी, जिसके बाद सफल खिलाड़ियों की सूची जारी की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण के साथ आवास, भोजन और शिक्षा की समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कॉलेज का स्थायी भवन वर्तमान में निर्माणाधीन है। भवन तैयार होने के बाद यहां विभिन्न खेलों में लगभग 300 बालिका खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और शिक्षा प्रदान की जाएगी। फिलहाल इस वर्ष कक्षाओं का संचालन स्पोर्ट्स स्टेडियम लोहाघाट से किया जाएगा।

प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंची खिलाड़ियों में कॉलेज को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने चयन प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी जगह पक्की करने का प्रयास किया। क्षेत्र के वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी एवं राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह बोहरा ने महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना को धामी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह संस्थान प्रदेश की बेटियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कॉलेज उत्तराखंड की महिला खेल प्रतिभाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।