चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

रोडवेज बस दुर्घटना में दिवंगत हुए चालक की अंत्येष्टि में शामिल न होने पर मंडलीय प्रबंधक को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक प्रशासन अनिल सिंह गर्ब्याल ने टनकपुर के मंडलीय प्रबंधक (संचालन) आलोक कुमार बनवाल को एक गंभीर लापरवाही के मामले में ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई लोहाघाट में हुई रोडवेज बस दुर्घटना में मारे गए दिवंगत चालक बेनीराम थ्वाल की अंत्येष्टि में शामिल न होने और इस अत्यंत दुखद समय में उनके शोकाकुल परिवार से मुलाकात न करने के कारण की गई है।

मालूम हो कि गत 3 जून को टनकपुर डिपो की रोडवेज बस (संख्या UK07PA 3122) धारचूला से टनकपुर जा रही थी। इसी दौरान सुबह लगभग 10:00 बजे लोहाघाट के रायकोट महर के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चालक बेनीराम थ्वाल की बस के पहिए के नीचे आने से दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। एक तरफ जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री ने स्वयं मृतक के परिवार से फोन पर बात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और चम्पावत के जिला अधिकारी ने खुद दिवंगत चालक के गांव पहुंचकर परिजनों ढांढस बंधाया, वहीं दूसरी ओर मंडलीय प्रबंधक आलोक कुमार बनवाल न तो अंतिम संस्कार में पहुंचे और न ही पीड़ित परिवार से मिले। महाप्रबंधक अनिल सिंह गर्ब्याल ने नोटिस में स्पष्ट किया कि चालक सीधे मंडलीय प्रबंधक के अधीन कार्यरत था, इसलिए निगम परिवार की ओर से मानवीय संवेदना और सहानुभूति प्रकट करना उनका पूर्ण उत्तरदायित्व था। इस विभागीय उदासीनता और असंवेदनशील रवैए को लेकर रोडवेज कर्मियों में भारी आक्रोश व्याप्त है, जिनका कहना है कि अधिकारी मानवीय संवेदनाओं को पूरी तरह भूल चुके हैं। महाप्रबंधक ने मंडलीय प्रबंधक से इस घोर लापरवाही पर तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है।

Ad Ad